हरिद्वार | 19 फरवरी 2026
जन जन की सरकार, जन जन के द्वार कार्यक्रम में 245 लोगों को विभिन्न योजनाओं से किया गया लाभान्वित
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में विकासखंड बहादराबाद की न्याय पंचायत लालढांग स्थित लाला ओम प्रकाश ज्ञान दीप कन्या इंटर कॉलेज में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 245 क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही 72 लोगों को विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। कार्यक्रम में कुल 560 लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक, हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी.आर. चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का निस्तारण शिविर में नहीं हो सका है, उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गैण्डीखाता ब्रजमोहन पोखरियाल, श्रीमती राजेश्वरी, नंद किशोर, सुनील सिंह बिष्ट, कमलेश द्विवेदी, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे, खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
