बेगमपुर चौराहे पर बढ़ता अतिक्रमण बना गंभीर समस्या, जिला पंचायत का हेडपंप भी चपेट में, रास्ते की चौड़ाई घटने से ग्रामीण परेशान

संवादाता ( गौतम अष्टवाल )

हरिद्वारबहादराबाद ब्लॉक के ग्राम बेगमपुर में चौराहे पर बढ़ता अतिक्रमण अब ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पिछले कई वर्षों से यहां लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है, जिससे चौराहे की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है और आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार चौराहे पर जिला पंचायत निधि से लगाया गया सार्वजनिक हेडपंप भी अतिक्रमण की चपेट में आ गया है। हेडपंप के आसपास किए गए कब्जे के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा चौराहे से गुजरने वाले रास्ते की चौड़ाई भी लगातार कम होती जा रही है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वाले राहगीरों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को खासी दिक्कत होती है। चौराहे के आसपास अस्थायी दुकानों और अन्य निर्माणों के चलते सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया है।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों और विभाग को पत्र लिखकर अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम न उठाए जाने के कारण अतिक्रमण करने वालों के हौसले और भी बुलंद होते जा रहे हैं।ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर हो रहे अतिक्रमण को जल्द हटाया जाए और सार्वजनिक स्थानों को कब्जे से मुक्त कराया जाए, ताकि रास्ते की चौड़ाई बहाल हो सके और लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *