रंगों में सौहार्द, इबादत में अमन — होली व रमजान से पूर्व पुलिस की व्यापक शांति पहल

संपादक (गुलफान अहमद)हरिद्वार।आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त प्रमुख थाना क्षेत्रों—कोतवाली रानीपुर, सिडकुल, भगवानपुर, ज्वालापुर, कनखल, श्यामपुर, लक्सर, बहादराबाद, खानपुर एवं पथरी—में व्यापक स्तर पर शांति गोष्ठियों का आयोजन किया गया।गोष्ठियों में सम्भ्रांत नागरिकों, सीएलजी सदस्यों, पार्षदों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। पुलिस अधिकारियों ने सभी से त्योहारों को परंपरागत उल्लास, आपसी सम्मान और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक या अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानूनन अपराध है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।बैठकों के दौरान स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाए रखने, जुलूसों एवं धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आपसी संवाद को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पर्वों के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया गया कि शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की यह सक्रिय और संवेदनशील पहल जनपद में विश्वास, भाईचारे और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *