सह संपादक ( नसीब कुरैशी )
हरिद्वार। संभावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। इसी क्रम में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर उत्तराखंड ने हरिद्वार पहुंचकर बैरागी कैंप में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू किया जाए तथा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके साथ ही उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और त्वरित रिस्पॉन्स बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
