
सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वार। 25 मार्च 2026।जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक में कई अहम निर्देश जारी किए गए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सड़कों के मरम्मत कार्य यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक करने और उनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड लगाने और ब्लैक स्पॉट को कम करने के लिए ठोस कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में यातायात का दबाव अधिक है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए।बैठक में परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। इसके अलावा सड़कों पर अतिक्रमण को लेकर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जनवरी से फरवरी 2026 के बीच चलाए गए अभियान में बड़ी संख्या में चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट, ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल प्रयोग और सीट बेल्ट न लगाने जैसे मामलों में कार्रवाई शामिल है।बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, एसपी क्राइम निशा यादव, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे
