सह संपादक (नसीब कुरैशी)
हरिद्वारबहादराबाद क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में ईद का पर्व पूरे अकीदत, उत्साह और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और समाज में भाईचारा बना रहे, इसके लिए विशेष दुआ मांगी गई।ईद की नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी। छोटे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे गांव में त्योहार को लेकर रौनक का माहौल बना रहा। लोगों के चेहरों पर ईद की खुशी साफ झलक रही थी। इस अवसर पर आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश भी देखने को मिला।वहीं ग्राम सलेमपुर के प्रधान पति पप्पू सिंह पाटिल ने ईद की नमाज अदा होने के बाद नमाजियों पर फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। उनके इस आत्मीय और सौहार्दपूर्ण स्वागत ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान उन्होंने गांववासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पर्व हमें मिल-जुलकर रहने, एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।ईद के अवसर पर गांव में सामाजिक समरसता की मिसाल देखने को मिली, जहां सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और प्रेम व सद्भाव का परिचय दिया। त्योहार के इस मौके पर गांव का माहौल पूरी तरह उल्लास, उत्साह और अपनत्व से सराबोर नजर आया।
