हरिद्वारके खानपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन की अवैध लकड़ी सहित दो आरोपी गिरफ्तार किये
विवेक सैनी
उत्तराखंड प्रभारी
हरिद्वार के खानपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अवैध तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।प्रभारी निरीक्षक डी.एस. कोहली के नेतृत्व में थाना खानपुर पुलिस टीम द्वारा रात्रि के समय उत्तर प्रदेश सीमा स्थित चौकी वालावाली पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान ट्रक में अवैध सागौन की लकड़ी पाई गई। मौके पर चालक और उसके साथी से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकीम (28 वर्ष) निवासी दिनौड़ा नांगल, नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश) और जुल्फान (35 वर्ष) निवासी सुल्तानपुर आदमपुर, लक्सर (हरिद्वार) के रूप में हुई है।पुलिस ने ट्रक संख्या UA01 6415 से 54 नग सागौन की लकड़ी (गिल्टे) बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ थाना खानपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।खानपुर पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग अभियान लगातार प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है, जिससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
