पथरी क्षेत्र में रणसुरा गांव के पास एक गुलदार शिकार की तलाश में खेतों में घुस आया। जैसे ही उसने पेड़ पर छलांग लगाई, वो पेड़ की टहनियों के बीच फंस गया। गुलदार को पेड़ पर देखकर ग्रामीणों में दहशत मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को रेस्क्यू कर चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को एक गुलदार जंगल से निकलकर रणसुरा गांव से सटे खेतों में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि कुत्ते के शिकार की तलाश में गुलदार खेतों में आया था। गुलदार को खेतों में देखते ही ग्रामीणों में दहशत मच गई। गुलदार, कुत्ते का शिकार तो नहीं कर पाया, लेकिन छलांग लगाते हुए एक पेड़ पर चढ़ गया। एक पेड़ से दूसरे पेड़ पर छलांग लगाते हुए वो पॉपुलर के पेड़ की टहनियों के बीच फंस गया। काफी देर तक गुलदार पेड़ की टहनियों के बीच फंसा रहा। उसे देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई।
