AMRUT 2.0 के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा देने वाली कई योजनाओं को हाई पावर कमेटी की बैठक में मिली मंजूरी

संपादक ( गुलफान अहमद )

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में AMRUT 2.0 के अंतर्गत गठित हाई पावर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनर्भरण को मजबूत बनाने से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।बैठक में लघु सिंचाई विभाग नैनीताल की योजनाओं के तहत *हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्र में* जल पुनर्भरण संरचनाओं के विकास तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को मंजूरी दी गई। इसके अंतर्गत हरिहर कॉलोनी हल्द्वानी, विश्वविद्यालय हल्द्वानी, उषा रूपक कॉलोनी नैनीताल और सुदर्शन कॉलोनी हल्द्वानी में जल पुनर्भरण संरचनाओं का विकास और पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।इसी प्रकार लघु सिंचाई विभाग *हरिद्वार की योजनाओं के अंतर्गत बहादराबाद क्षेत्र में वर्षा जल संचयन के लिए रिचार्ज* *शाफ्ट की स्थापना,* शिवालिक नगर स्थित रामधाम कॉलोनी पार्क में संचयनित जल से भू-जल पुनर्भरण हेतु रिचार्ज शाफ्ट का निर्माण तथा नगर निगम हरिद्वार के राजलोक कॉलोनी पार्क में भू-जल रिचार्ज से संबंधित परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई।बैठक में *नगर पंचायत इमलीखेड़ा (हरिद्वार) द्वारा रांगड़वाला में स्थित तालाब के नवीनीकरण की योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई।* इसके अलावा लघु सिंचाई विभाग देहरादून की योजनाओं के अंतर्गत नवादा क्षेत्र में तालाब के नवीनीकरण और रिचार्ज शाफ्ट निर्माण तथा डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में रिचार्ज शाफ्ट निर्माण के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।बैठक में AMRUT 1.0 के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं में लगभग 39.82 करोड़ रुपये की बचत राशि के उपयोग पर भी निर्णय लिया गया। इस राशि से रुद्रपुर और काशीपुर नगर क्षेत्रों में वाटर मीटर अधिष्ठापन से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई, जिससे शहरी जल प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।मुख्य सचिव ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा और भू-जल स्तर में सुधार आएगा। साथ ही शहरी क्षेत्रों में जल संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में सचिव नितेश झा, वी. षणमुगम, युगल किशोर पंत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *