हरिद्वार में प्रस्तावित 21 किलोमीटर मेट्रो पीआरटी (पॉड टैक्सी) परियोजना के संबंध में सचिव, आवास आर राजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

हरिद्वार, 27 फरवरी 2026

सह संपादक नसीब कुरैशी

हरिद्वार में प्रस्तावित 21 किलोमीटर मेट्रो पीआरटी (पॉड टैक्सी) परियोजना के संबंध में सचिव, आवास आर राजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परियोजना की कुल लंबाई 20.74 किमी है, जिसमें 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना को दिनांक 15.02.2023 को उत्तराखण्ड सरकार के मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

परियोजना हेतु कुल 4.8743 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है, जिसमें 0.8949 हेक्टेयर निजी भूमि तथा 0.038 हेक्टेयर रेलवे भूमि शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से शहर में यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। यह ऑन-डिमांड, चालक-रहित एवं पूर्णतः स्वचालित प्रणाली होगी, जो विद्युत आधारित होने के कारण पर्यावरण अनुकूल है और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाएगी। नियंत्रित गाइडवे पर संचालन होने से सुरक्षा स्तर भी उच्च रहेगा तथा अपेक्षाकृत कम भूमि की आवश्यकता होगी।

निरीक्षण के दौरान भारत माता मंदिर से प्रारंभ होकर शांतिकुंज, मोतीचूर, खड़खड़ी भीमगोड़ा होते हुए ललतारों ब्रिज तक क्षेत्र का अवलोकन किया गया। प्रस्तावित स्टेशन, पार्किंग स्थलों एवं आवश्यक भूमि पर विस्तृत चर्चा की गई। तत्पश्चात वाल्मीकि चौक, मनसा देवी रोपवे गेट एवं अपर रोड होते हुए हर की पौड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। हर की पौड़ी स्टेशन पर समीक्षा के उपरांत दीन दयाल पार्किंग स्थल पर प्रस्तावित इंटीग्रेटेड रोपवे (मां चंडी देवी एवं मनसा देवी मंदिर) के लोअर टर्मिनल का सर्वेक्षण भी किया गया।

इस दौरान सचिव आवास आर राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार परियोजना को शीघ्र प्रारंभ किया जाए तथा प्रयोज्य राजकीय भूमि के हस्तांतरण/अधिग्रहण की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, जिससे कार्य समयबद्ध रूप से शुरू हो सके।

निरीक्षण के दौरान निगम के निदेशक वित्त संजीव मेहता, संयुक्त महाप्रबंधक (एचआर) कृष्णानन्द शर्मा, संयुक्त महाप्रबंधक (सिविल) जयनन्दन सिंहा, सहायक प्रबंधक (सिविल) अजयबीर सिंह नेगी, सेक्शन इंजीनियर सौरभ पटवाल, सर्वेयर हरिओम सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *