संपादक गुलफान अहमद
हरिद्वार/रुड़की, 10 अक्टूबर 2026।नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति व्यापारियों को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को रुड़की स्थित होटल दीप रेजीडेंसी में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों, थोक विक्रेताओं, वितरकों और खुदरा व्यापारियों ने प्रतिभाग किया।बैठक में उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए त्योहारी सीजन में कुट्टू के आटे के निर्माण, बिक्री और भंडारण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने व्यापारियों की शंकाओं का समाधान भी किया।जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कुट्टू के आटे के निर्माण से लेकर बिक्री तक पैकेट पर आवश्यक जानकारी अंकित करने तथा पूर्व में सामने आई घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर भी जोर दिया।वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय, दिलीप जैन और कपिल देव ने खाद्य कारोबार के लिए लाइसेंस एवं पंजीकरण संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही व्यापारियों को फॉस्कोस (FoSCoS) पोर्टल के माध्यम से खाद्य पदार्थों के लेबल की ऑनलाइन जांच, विभागीय प्रवर्तन कार्रवाई और ऑनलाइन निरीक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराया।बैठक का संचालन भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के प्रशिक्षण एवं आउटरीच पार्टनर आशीष भार्गव ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि धीरसिंह, रामगोपाल कसल, कवीश मित्तल, रुड़की डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल स्नेही, महामंत्री सुशील गुलाटी, मुख्य सलाहकार संजीव आहूजा, प्रदेश महामंत्री नितिन शर्मा और प्रवीण मेहंदीरत्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
