32 वर्ष की समर्पित प्रशासनिक सेवा के बाद एडीएम दीपेंद्र सिंह नेगी सेवानिवृत्त, भावभीने माहौल में दी गई विदाई

सह संपादक (नसीब कुरैशी)हरिद्वार28 फरवरी। अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी के अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर जिला कार्यालय सभागार में एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। 32 वर्षों की लंबी, निष्कलंक और समर्पित प्रशासनिक सेवा पूर्ण करने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी। समारोह के दौरान पूरे वातावरण में आत्मीयता और सम्मान का भाव देखने को मिला।इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर नेगी के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की कामना की। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि नेगी सौम्य व्यक्तित्व, सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के धनी अधिकारी रहे हैं। उन्होंने अपने 32 वर्षों के सेवाकाल में प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और कुशलता के साथ किया। उन्होंने कहा कि नेगी का अनुभव, संतुलित निर्णय क्षमता और कार्य के प्रति समर्पण सदैव प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।मुख्य विकास अधिकारी ने भी उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि नेगी ने हर दायित्व को गंभीरता से निभाया और सदैव टीम भावना के साथ कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता और स्थिरता बनी रही।समारोह में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नेगी के योगदान को रेखांकित किया तथा उनके सेवानिवृत्ति उपरांत पारिवारिक जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *