संपादक (गुलफान अहमद) उधम सिंह नगररुद्रपुर के नगला तराई स्थित पुष्कर सिंह धामी के निजी आवास पर होली का पर्व पारंपरिक उल्लास, सांस्कृतिक गरिमा और आत्मीय माहौल में मनाया गया। मुख्यमंत्री ने सपरिवार होल्यारों का स्वागत करते हुए सभी को अबीर-गुलाल लगाया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में रंगों की फुहार और लोकधुनों की मधुर गूंज से उत्सव का वातावरण जीवंत हो उठा।होली मिलन समारोह में विभिन्न समुदायों की महिलाओं ने हिंदी, कुमाऊंनी, थारू एवं बंगाली लोक परंपराओं पर आधारित होली गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता के रंग घोल दिए। लोकगीतों की स्वर लहरियों पर मुख्यमंत्री भी होल्यारों के साथ झूमते नजर आए, जिससे समारोह और अधिक आत्मीय एवं उल्लासपूर्ण बन गया।समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, दर्जा राज्यमंत्री, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने का संदेश देता है। उन्होंने सभी से सामाजिक एकता और पारस्परिक सहयोग की भावना को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता और सामाजिक सहभागिता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
पुष्कर सिंह धामी के आवास पर रंगों और लोकसंस्कृति की छटा के बीच मना होली मिलन समारोह
