*रंगों में रचा विकास का संदेश: पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में मनाई सांस्कृतिक होली*

संपादक (गुलफान अहमद)

काशीपुर।
पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में सहभागिता कर जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली एवं भजन गायन में भाग लेते हुए स्थानीय नागरिकों के साथ रंगों और सुरों की फुहारों के बीच उत्सव की खुशियाँ साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस पावन अवसर पर काशीपुर की जनता के बीच आकर होली महोत्सव मनाने का अवसर मिला। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए काशीपुर नगर निगम की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जब माताएँ, बहनें और युवा बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं तो यह हमारी जीवंत लोकसंस्कृति की ताकत को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की होली की स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि गाँव की सामूहिक होली में न कोई ऊँच-नीच का भेद होता था और न ही छोटे-बड़े का अंतर। ढोल-दमाऊँ और हुड़के की थाप पर गूंजते होली गीत पूरे वातावरण को भक्ति और उल्लास से भर देते थे। उन्होंने कहा कि आज काशीपुर में वही एकता, वही प्रेम और वही आत्मीयता देखकर मन प्रफुल्लित हो उठा है।
उन्होंने कहा कि हमारे पर्व और उत्सव हमारी पहचान हैं, जो हमें अपनी मिट्टी और संस्कृति से जोड़कर रखते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब विश्व भारत की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की ओर आकर्षित हो रहा है, तब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि हम अपनी लोकसंस्कृति को जीवन का हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहें और लोकगीतों व परंपराओं को गर्व के साथ आगे बढ़ाएँ।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और मूलभूत सुविधाओं के मामले में क्षेत्र को अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर उत्सव की खुशियाँ साझा कीं और सभी प्रदेशवासियों को सुख, शांति एवं समृद्धि से परिपूर्ण होली की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *