संवाददाता ( गौतम अष्टवाल )हरिद्वार, 2 मार्च 2026। बहादराबाद स्थित सरदार सिंह फार्म हाउस में सोमवार को कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत तथा चुनाव आयोग समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राजवीर सिंह चौहान, तेलुगु राम प्रधान, जसवंत चौहान, पवन सिंह चौहान, पूर्व विधायक रामयश, महेश प्रताप राणा, यशपाल राणा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।मुख्य अतिथियों का फूलमालाओं, अबीर-गुलाल, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य के साथ स्वागत किया गया। समारोह स्थल पर होली के पारंपरिक गीतों की स्वर लहरियों के बीच नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर एवं मिठाई खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने धर्म और जाति से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया।कार्यक्रम का समापन “बुरा ना मानो होली है” के उत्साहपूर्ण नारों और देश की उन्नति, एकता व सद्भाव के संदेश के साथ हुआ।
*बहादराबाद में सियासी रंगों के बीच सजा भव्य होली मिलन समारोह, एकता-समरसता का दिया संदेश*
