एसआईआर के दूसरे चरण में बूथों पर पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित, कहा— नोटिस मिलने पर घबराएं नहीं, वैध दस्तावेज देने पर किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटेगा

सह संपादक नसीब कुरैशी

हरिद्वार, 7 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से सीधे संवाद कर एसआईआर की प्रगति और नोटिसों के संबंध में जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाताओं को जारी नोटिसों पर प्राप्त आपत्तियों और अभिलेखों की सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने एआरओ एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि सभी मामलों में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यदि किसी मतदाता को विसंगति अथवा अनमैपिंग के संबंध में नोटिस प्राप्त हुआ है तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैध अभिलेखों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।उन्होंने कहा कि जनपद में एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संचालित की जा रही है। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है, जिससे प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी हुई है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा सभी मामलों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, संबंधित एआरओ, बीएलओ तथा क्षेत्र के मतदाता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *