डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्धता पर जोर
संवादाता आसिफ अली
हरिद्वार, 14 अक्टूबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को लेकर हरिद्वार में 12 से 14 अक्टूबर तक विकास भवन सभागार में फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की डिजिटल प्रक्रिया, आंकड़ों की शुद्धता और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जनसंख्या गणना का कार्य नवंबर 2026 से प्रस्तावित है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ करना चाहिए।उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़े एकत्र करेंगे, जबकि कार्य की निगरानी के लिए सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं और फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण के साथ तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने जनगणना कार्य की नियमित निगरानी और संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंकड़ों का सटीक संकलन और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने आश्वस्त किया कि निदेशक की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रशिक्षण, जमीनी स्तर पर कार्य संचालन और निगरानी से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मोहम्मद मुस्तफा खान, अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह, अपर सांख्यिकी अधिकारी मीना नेगी, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 अमीर आलम, नीरज कुमार और शिवम कुमार सहित जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
