भैंस खरीदने आए इमरान से एक लाख की लूट का खुलासा, चार फरार आरोपी गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस और 80 हजार रुपये बरामद

प्रधान संपादक गुलफान अहमद

हरिद्वार। लक्सर कोतवाली पुलिस ने भैंस खरीदने आए किसान से एक लाख रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और लूटी गई रकम में से 80 हजार रुपये बरामद किए हैं। इससे पहले इस वारदात की मुख्य महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु उर्फ काका, अनुज, आकाश निवासी ग्राम अकोढ़ा खुर्द तथा वंश निवासी ग्राम कंकरखाता, लक्सर के रूप में हुई है। सभी आरोपी लूट की वारदात के बाद से फरार चल रहे थे।पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई को भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिंहचंदी गांव निवासी इमरान भैंस खरीदने के लिए लक्सर आया था। इसी दौरान आरोपियों ने अपनी महिला साथी कविता निवासी कुआखेड़ा के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से इमरान को झांसे में लेकर उससे एक लाख रुपये लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मुख्य महिला आरोपी कविता को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था।इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई। मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा लूटी गई रकम में से 80 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।इस सफल कार्रवाई को कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में एसएसआई नितिन चौहान, एसआई सुरेश कुमार सिंह, एसआई दीपक चौधरी, एसआई रोहित कुमार, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, हेड कांस्टेबल अरविंद रावत, हेड कांस्टेबल आशीष पांडे तथा होमगार्ड दिनेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *