सह संपादक (नसीब कुरैशी )
हरिद्वार। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस लाइन परिसर में पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारजनों के साथ हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होली मनाई।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा गले मिलकर आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश दिया। आयोजन स्थल पर उत्साह, अनुशासन और आत्मीयता का वातावरण बना रहा।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस परिवार की एकजुटता और समर्पण की सराहना करते हुए सभी को कर्तव्यनिष्ठा के साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।पुलिस परिवार के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप पर्व को गरिमामय ढंग से मनाया। रंगों के इस उत्सव ने प्रशासन और पुलिस परिवार के बीच आपसी विश्वास और सामंजस्य को और सुदृढ़ किया।
