हरिद्वार में बारिश का रेड अलर्ट, डीएम मयूर दीक्षित ने प्रशासन को किया हाई अलर्ट, श्रद्धालुओं से बरतने को कहा विशेष सावधानी

सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वार, 28 जुलाई। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में बिना देरी के प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही वर्षा के कारण सरकारी अथवा निजी संपत्ति को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर उसकी विस्तृत रिपोर्ट जिला आपदा कंट्रोल रूम को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और शिवभक्तों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान गंगा घाटों और नदी तटों पर विशेष सावधानी बरतें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।

इसके अलावा नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की सलाह दी गई है। डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित कर जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *