सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वार। द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को रानीपुर क्षेत्र निवासी अरुण कुमार पुत्र धर्मपाल ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ राहुल निवासी ग्राम दाबकी कला, लक्सर ने दुष्कर्म किया। परिजनों का यह भी आरोप है कि मामले की जानकारी देने पर आरोपी पक्ष ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 159/26 धारा 64, 61(2), 351(2) बीएनएस एवं (पोक्सो एक्ट) की धारा 3/4 के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ-साथ आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी। सुरागरसी और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल पुत्र अमरजीत निवासी दाबकी कला, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रियंका इजराल एवं कांस्टेबल विवेक गुसांई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
