*ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: दो साल पुरानी ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, कलियर पुलिस ने तीन* *शातिर वाहन चोरों को दबोचा, दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद*

सह संपादक नसीब कुरैशी

पिरान कलियर, 10 जून। हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर ट्रैक्टर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इनमें एक ट्रैक्टर वर्ष 2024 में कलियर क्षेत्र से चोरी किया गया था।पुलिस के अनुसार ग्राम मुकर्रबपुर निवासी शफ्फकत ने मई 2024 में अपने महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। लंबे समय तक मामले का सुराग नहीं लग सका, लेकिन कलियर पुलिस लगातार जांच में जुटी रही। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने दरियापुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों को दबोच लिया।पूछताछ में आरोपियों ने कलियर से ट्रैक्टर चोरी करने के साथ-साथ पंजाब के नारायणगढ़ क्षेत्र से भी एक ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी ढुलाई और मजदूरी के कार्यों में लगाया जाता था, जिससे उन पर किसी को शक न हो।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार निवासी लिब्बरहेड़ी, अभिषेक कुमार निवासी भलसुआ गाज और अंकुश निवासी फखरहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।करीब दो वर्ष बाद अपना चोरी हुआ ट्रैक्टर वापस मिलने पर किसान शफ्फकत और उसके परिजनों ने कलियर पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *