संपादक गुलफान अहमद
हरिद्वार, 30 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भगवानपुर के चुड़ियाला से प्रदेशव्यापी समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश बंधन महारैली का शुभारंभ किया और स्वयं सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद सीएमडी इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक भेदभाव के दौर में प्रेम, समानता और मानव सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, आचरण और सेवा भाव से होती है। जब तक समाज से भेदभाव समाप्त नहीं होगा, तब तक समरस और सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना साकार नहीं हो सकती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने गरीब, दलित और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा परियोजना, लगभग 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़कों, संपर्क मार्गों, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट सहित कई विकास कार्य पूरे किए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास के विचारों और उनकी विरासत को देशभर तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि काशी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जा रहा है। उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समरसता संकल्प यात्रा इसी उद्देश्य को लेकर शुरू की गई है।
कार्यक्रम में स्वामी निर्मलदास ने मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना करते हुए लोगों से धर्म, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश प्रदान कर राज्यभर में समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत कराई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मधु सिंह, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित जनप्रतिनिधि, संत समाज, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
