सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वार, 28 जुलाई। जनपद में बिना मान्यता संचालित मदरसों पर अब प्रशासनिक सख्ती बढ़ने जा रही है। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने मंगलवार को स्पष्ट कहा कि प्रदेश में संचालित प्रत्येक मदरसे का शासन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण और मान्यता अनिवार्य है। बिना मान्यता के शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला कार्यालय सभागार में शिक्षा विभाग, संबंधित विभागों के अधिकारियों और मदरसा संचालकों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. गांधी ने कहा कि सभी मदरसा संचालक समयबद्ध तरीके से आवेदन कर मान्यता प्राप्त करें। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि प्रत्येक मदरसे तक पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाई जाए और पात्र संस्थानों का निर्धारित अवधि में पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 271 मदरसे संचालित हैं, लेकिन अब तक केवल 47 मदरसों ने ही मान्यता के लिए आवेदन किया है। इनमें से पांच मदरसों को मान्यता मिल चुकी है। 18 आवेदनों पर 29 जुलाई को विचार किया जाएगा, जबकि 24 आवेदनों का स्थलीय निरीक्षण किया जाना बाकी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि सभी मानकों की जांच पूरी होने के बाद ही मान्यता प्रदान की जाएगी।
डॉ. गांधी ने कहा कि मान्यता मिलने से मदरसों की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी होगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने की अपील की।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मदरसों का संचालन बंद हो चुका है, वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों का प्रवेश निकटवर्ती राजकीय विद्यालयों में कराया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो। साथ ही चेतावनी दी कि बिना मान्यता किसी भी मदरसे में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला ने मान्यता की प्रगति से अवगत कराया, जबकि अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा ने पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और शासन के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देते हुए मदरसा संचालकों की शंकाओं का समाधान किया।
इससे पहले डॉ. सुरजीत सिंह गांधी का अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में चंद्र प्रकाश सिंह रावत, निधि रावत, जितेंद्र कुमार भट्ट, अरुण कुमार, संदीप चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, संबंधित विभागों के प्रतिनिधि और जनपद के विभिन्न मदरसा संचालक मौजूद रहे।
