प्रदेश के लाखों बुजुर्गों-विधवाओं-दिव्यांगों को धामी सरकार की सौगात, समय पर खातों में पहुंची पेंशन

सह संपादक नसीब कुरैशी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 9 लाख 87 हजार 17 पेंशन लाभार्थियों के खातों में जुलाई माह की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया। इस दौरान कुल ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पेंशन राशि का पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सीधे खातों में भुगतान किया जा रहा है, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बुजुर्ग माता-पिता, विधवा बहनों और दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि पेंशन भुगतान में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें नई प्रणाली SNA स्पर्श के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को ₹92.34 करोड़, विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को ₹35.54 करोड़, दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को ₹13.36 करोड़, किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को ₹3.2 करोड़ की राशि वितरित की गई।इसके अलावा परित्यक्ता पेंशन, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली पेंशन और बौना पेंशन के हजारों लाभार्थियों को भी निर्धारित राशि का भुगतान किया गया।इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के सचिव श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण श्री संजय टोलिया, अपर सचिव श्री सुंदरलाल सेमवाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *