सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में 9 से 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा 2026” अभियान पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में सभी विभागों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।डीएम ने बताया कि अभियान के तहत तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा सेल्फी बूथ, तिरंगा-थीम आधारित रोशनी, शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं और व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ सकें।उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी भवनों, पुलों, सड़कों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा-थीम आधारित रोशनी एवं आकर्षक सजावट से सजाया जाए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तिरंगा थीम पर रंगोली बनाकर अभियान को जनोत्सव का रूप दिया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में तिरंगे से प्रेरित कलाकृतियां, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंग तथा ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रीय गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जाए।उन्होंने नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, विकास खंडों एवं सभी विभागों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से “हर घर तिरंगा” पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर डिजिटल अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
