हरिद्वार/इमलीखेड़ा। क्षेत्र की प्रतिभाशाली छात्रा मिस्बाह, पुत्री फुरकान अहमद, निवासी इमलीखेड़ा, को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। शहीद-ए-आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज की इस छात्रा ने 12वीं कक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 96% अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूरे उत्तराखंड में सातवां स्थान हासिल किया, जबकि हरिद्वार जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर सुराज सेवा दल के प्रदेश सचिव इंतजार प्रधान ने मिस्बाह को नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिस्बाह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और शिक्षकों को देते हुए बताया कि उनका सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता फुरकान अहमद पेशे से कारपेंटर हैं, माता गृहिणी हैं, जबकि उनके दादा हाजी हनीफ किसान हैं।
मिस्बाह की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और अवसर मिलने पर वे हर ऊंचाई को छू सकती हैं। उनकी उपलब्धि से पूरे इमलीखेड़ा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
