संपादक गुलफान अहमद
उधम सिंह नगर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऊधमसिंह नगर स्थित लोहियाहेड हेलीपैड पर जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनकर कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी क्षेत्रीय विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, महामंत्री रमेश जोशी, गोविंद टम्टा, डॉ. नवीन भट्ट, अमित कुमार पांडे, भवानी भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
