सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वार, 27 मई। विश्व पर्यावरण दिवस से पूर्व ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग हरिद्वार और उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के संयुक्त तत्वावधान में जनपद स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के छह विकासखंडों के विद्यालयों में लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरमेंट (LiFE) थीम पर क्विज, निबंध, नारा लेखन और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने विकासखंड स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई, जिसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भेल सेक्टर-1 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। चयनित छात्र-छात्राओं को “युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत” घोषित करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र, मेडल और ट्रॉफी प्रदान की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद भीकम सिंह ने छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने विद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता फैलाकर समाज को नई दिशा दे सकते हैं।विशिष्ट अतिथि उरेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी युद्धवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा लिया गया ऊर्जा संरक्षण का संकल्प भविष्य की पीढ़ियों के लिए लाभकारी साबित होगा।कार्यक्रम में उरेडा की जूनियर इंजीनियर शिल्पी, नोडल प्रधानाचार्य परमपाल सिंह और जिला कार्यक्रम नोडल अधिकारी राजेश राय भी मौजूद रहे। विभिन्न विकासखंडों से चयनित छात्राओं में निशिका, मिस्बाह, मोमिना, आरुषि रावत, जैनब, महिमा गुप्ता, मुस्कान, अक्षिता भाटी, वंशिका चौधरी और आशु प्रमुख रहीं।कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया।
