सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वारग्राम सलेमपुर में सुराज सेवा दल द्वारा आयोजित विशाल एवं प्रभावशाली जनसभा में क्षेत्रभर से आए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे इलाके में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम ने संगठन की बढ़ती सक्रियता और जनाधार का स्पष्ट संकेत दिया। मंच से संगठन के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने जनसमूह को संबोधित करते हुए सुराज सेवा दल की नीतियों, उद्देश्यों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना, आपसी भाईचारा कायम रखना और गांव-गांव तक विकास की धारा पहुंचाना है।जनसभा के दौरान क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं—जैसे मूलभूत सुविधाएं, रोजगार, शिक्षा, सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं—पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने इन समस्याओं के समाधान के लिए संगठन स्तर पर ठोस एवं सामूहिक प्रयास करने का भरोसा दिलाया। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे गांव-गांव जाकर आमजन की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि संगठन जनता की उम्मीदों पर खरा उतर सके।सभा का मुख्य आकर्षण उस समय देखने को मिला जब सर्वसम्मति से राव खुर्रम को ग्राम सलेमपुर का अध्यक्ष घोषित किया गया। उनके नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई तथा तालियों और नारों की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष राव खुर्रम ने अपने संबोधन में संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव के विकास, युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक एकता को मजबूत करने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने अपने संबोधन में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल हमेशा समाज में एकता, सद्भाव और विकास की सोच को आगे बढ़ाने का कार्य करता रहेगा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय मोरिया, वरिष्ठ साथी मस्ववर कुरैशी, राव आफताब, राव नौशाद, शिकारपुर प्रधान इंतजार, कलियर प्रधान नासिर, बीडीसी मस्ववर कुरैशी, समीर कुरैशी, रिजवान प्रधान कुरैशी, नाजिम झोझा, अलीम प्रधान, टांडा बनेड़ा, लंढौरा राजा, राव वाजिद एवं राव आबिद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
