वरिष्ठ संवाददाता इमरान देश भक्त
रुड़की/भगवानपुर।
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में करौंदी मंडल में भाजपा कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हरिद्वार से सांसद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसकी असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सांसद ने शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को सशक्त बनाने का संकल्प ले और मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखे।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की सफलता अनुशासन, समर्पण और सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से प्रत्येक महत्वपूर्ण बैठक में अनिवार्य रूप से भाग लेने तथा अपने-अपने मंडलों के अंतर्गत बूथों पर नियमित प्रवास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बूथ ही भाजपा की वास्तविक ताकत हैं और बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार बनता है।
बैठक में राज्यमंत्री , , भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, देवी सिंह राणा, मधुप त्यागी, मंडल अध्यक्ष संदीप रघुवंशी, विराट गोयल, भूपेंद्र सैनी, मुकुल त्यागी, प्रवीण संधू, सतविंदर प्रधान, सुशील पैंगोवाल, राहुल मुल्तानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिए कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर तेजी से काम किया जा रहा है।
