संपादक गुलफाम अहमद
बहादराबाद। हरिद्वार पुलिस ने बहादराबाद क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और कथित ब्लैकमेलिंग के चलते आरोपी ने युवती की हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने इस चुनौतीपूर्ण मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को ग्राम अलीपुर निवासी मोमिन ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर अपनी पुत्री शहनुमा की हत्या का आरोप गांव के ही नावेद और उसके परिजनों पर लगाया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। घटना के बाद से मुख्य आरोपी नावेद फरार था, जबकि मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था। ऐसे में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर गांव में रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर उसे तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था। एक पारिवारिक समारोह में डीजे पर डांस को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद संबंधों में तनाव बढ़ता गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मृतका द्वारा कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने से परेशान था और इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतका को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। इसके बाद तड़के सुनसान स्थान पर उसकी हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
*प्यार, विवाद और हत्या युवती की गुमशुदगी से शुरू हुई जांच पहुंची कत्ल तक, हरिद्वार पुलिस ने फरार आरोपी को किया गिरफ्तार*
