संवादाता (आसिफ अली)
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 अब अपने चरम पर पहुंच चुकी है। धर्मनगरी हरिद्वार में गुरुवार को यात्रा के आठवें दिन आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार 39 लाख 15 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार कांवड़िए गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच हर की पैड़ी, प्रमुख स्नान घाटों और कांवड़ मार्गों पर दिनभर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। पूरे शहर में शिवभक्ति का उत्साह और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और आपात सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।जिला प्रशासन ने शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन एवं पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग दें।
