बीएचईएल जंगल में नाबालिग से दरिंदगी का आरोपी गिरफ्तार रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कसा शिकंजा

प्रधान संपादक गुलफान अहमद

पहलवान टाइम्स

हरिद्वार।

ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीएचईएल जंगल में घायल अवस्था में मिली नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को घटना के कुछ ही दिनों के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल के पास जंगल और झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल अवस्था में मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में बालिका को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया था।पूछताछ के दौरान पीड़ित बालिका ने पुलिस और परिजनों को बताया कि आरोपी शेखर उर्फ सनोज उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में जान से मारने की नीयत से मारपीट कर बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रानीपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की जांच, सुरागरसी और लगातार प्रयासों के बाद 8 अगस्त को पुराना पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल निवासी ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश, हाल निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, एएसआई सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल गम्भीर तोमर और कांस्टेबल प्रेम सिंह शामिल रहे।रानीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में पुलिस सख्त कार्रवाई करते हुए अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *