संवाददाता (आसिफ अली)
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान लाखों की संख्या में हरिद्वार पहुंच रहे शिवभक्तों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में विशेष निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है।खाद्य सुरक्षा आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरिद्वार नगर क्षेत्र के प्रमुख इलाकों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।टीम ने शांतिकुंज, भूपतवाला, अपर रोड, हरकी पैड़ी और बिल्केश्वर क्षेत्र में होटल, ढाबों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने भूपतवाला स्थित डेयरी से दूध तथा शांतिकुंज स्थित एक ढाबे से खुली लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए।अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, ताजा खाद्य सामग्री का ही विक्रय करने, बासी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने और खाद्य सामग्री को ढककर रखने के निर्देश दिए।वहीं रुड़की क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में कांवड़ पटरी मार्ग पर स्थित डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान पनीर के तीन नमूने लिए गए और करीब 90 किलोग्राम खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटखोरी या खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
