, 24 अप्रैल 2026 —
भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 27 अप्रैल 2026 से 26 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
प्रधान संपादक गुलफान अहमद
जारी निर्देशों के अनुसार, प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक चलेंगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इनमें नियमित अंतराल पर ‘वॉटर बेल’ बजाने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन, ओआरएस और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा छात्रों को हीटवेव से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने और तेज धूप के दौरान बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टी के बाद उन्हें समूह में घर भेजने की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में सहयोग मिल सके।
प्रशासन ने जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय-सारणी का पालन करते हुए इन सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
