सह संपादक नसीब कुरैशी
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से रानीपुर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।रानीपुर कोतवाली पुलिस टीम द्वारा सिडकुल बायपास रोड स्थित भाईचारा पीगेट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क से गुजरने वाले दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों को रोककर उनकी गहनता से जांच की। पुलिस टीम ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों, तेज आवाज वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगी बुलेट एवं अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती दिखाई।चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी), इंश्योरेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं मिले या जो यातायात नियमों की अनदेखी करते पाए गए, उनके खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, वाहन के दस्तावेज हमेशा साथ रखें और निर्धारित नियमों का पालन करें।रानीपुर कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना भी है।
