गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने और नशा माफियाओं पर कार्रवाई की मांग, सुराज सेवा दल ने दी आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता आसिफ अली

हरिद्वारपिरान कलियर के बेडपुर चौक स्थित सुराज सेवा दल कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाते हुए क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि गोवंश की रक्षा और युवाओं को नशे से बचाना समाज और सरकार दोनों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।प्रदेश सचिव इंतजार प्रधान ने कहा कि गाय करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और विश्वास का प्रतीक है, इसलिए केंद्र सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि गोवंश के साथ क्रूरता और गोवध में शामिल लोगों के खिलाफ संगठन सड़क से लेकर आंदोलन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगा।प्रेस वार्ता में क्षेत्र में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर भी चिंता जताई गई। कलियर विधानसभा अध्यक्ष रईस अहमद ने कहा कि पिरान कलियर और आसपास के क्षेत्रों में नशा तस्कर खुलेआम युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशा माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर कठोर कार्रवाई की मांग की।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सुराज सेवा दल समाजहित, गो-रक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाता रहेगा और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। प्रेस वार्ता में संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *