संवाददाता ( गौतम अष्टवाल )
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों को जल्द दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी ला दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर निर्माण एजेंसियां दिन-रात सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में राहत मिल सके।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों और कांट्रेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु या स्थानीय नागरिक को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सीवरेज कार्यों के चलते खोदी गई सभी सड़कों की मरम्मत हर हाल में समय पर पूरी की जाए।परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि 26 मई को पैकेज-01 के अंतर्गत सूरजपुर कॉलोनी में 25 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत गणपतिधाम फेस-3 पावर ब्लॉक में 15 मीटर, गुप्ता कॉलोनी में 28 मीटर, गणपतिधाम फेस-3 सीसी रोड में 25 मीटर तथा अजितेश विहार में 20 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।विभागीय अधिकारियों के अनुसार एक दिन में कुल 113 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया है और शेष कार्य भी त्वरित गति से जारी है।
