*सह संपादक नसीब कुरैशी
* हरिद्वार। बहादराबाद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम दादूपुर गोविंदपुर और सलेमपुर को धनौरी रोड से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बारिश के बाद बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। ऐसे में रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले सैकड़ो ग्रामीणों, दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है। इसी मार्ग पर दो विद्यालय स्थित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। जलभराव और गहरे गड्ढों के बीच बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। अभिभावकों में भी हर समय किसी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग दादूपुर गोविंदपुर, सलेमपुर गांवों को धनौरी और बहादराबाद रोड से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में हर बारिश के बाद हालात और गंभीर हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों, अभिभावकों और स्कूली बच्चों ने ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रीय विधायक से मांग की है कि इस मुख्य मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
