अवैध खनन पर बहादराबाद पुलिस का शिकंजा: दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, खनन माफियाओं में हड़कंप

प्रधान संपादक गुलफान अहमद

हरिद्वार बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी को हलवाहेड़ी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही खनन कार्य में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन चालक खनन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया। साथ ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। शासन एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय ग्रामीणों ने भी स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सड़कों और आसपास के क्षेत्रों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में पुलिस की सख्त कार्रवाई से अवैध खनन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी के साथ कांस्टेबल चंदन सिंह, कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, होमगार्ड अभिषेक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *