सह संपादक नसीब कुरैशी
पहलवान टाइम्स
हरिद्वार, 11 अगस्त।विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल, निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद हरकीपौड़ी से पवित्र गंगा जल लेकर कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। इस बार यात्रा में 4 करोड़ 50 लाख से अधिक शिवभक्तों ने हरिद्वार पहुंचकर पवित्र गंगाजल लिया और सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में जुटे जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, मीडिया, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों और स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया।डीएम ने कहा कि एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस विभाग ने यातायात व्यवस्था, कानून व्यवस्था, रूट डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर तरीके से संभाला। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस जवानों ने पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांवड़ यात्रा के दौरान 2 लाख से अधिक शिवभक्तों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। विभिन्न चिकित्सा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं।जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल प्रशासन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारियों, मीडिया और जनता के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। सभी के सहयोग से यह विशाल धार्मिक आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा।इस अवसर पर श्री गंगा सभा अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम सहित पदाधिकारियों ने डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविंद्र पुरी महाराज एवं अन्य संतों ने भी अधिकारियों को सम्मानित किया।इस दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
