प्रधान संपादक गुलफान अहमद
हरिद्वार, 22 अगस्त 2026 रक्षा बंधन एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद हरिद्वार में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभिहित अधिकारी/सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई विक्रेताओं, डेयरी संचालकों, ढाबों एवं खाद्य निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और मानकों की जांच की गई। टीम ने खुले मावा, घेवर, मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। निरीक्षण के दौरान एक मिष्ठान विक्रेता को मिठाइयों को अखबार से ढककर रखने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि एक अन्य विक्रेता को खाद्य पंजीकरण का समय पर नवीनीकरण नहीं कराने पर कार्रवाई की गई।वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने कनखल क्षेत्र स्थित एक डेयरी से मिलावट की आशंका के आधार पर पनीर के दो नमूने संग्रहित किए। इनमें एक खुला पनीर और दूसरा हरियाणा निर्मित पंचगांव ब्रांड पैकेट पनीर शामिल है।इसके अलावा ग्राहक की शिकायत पर जगजीतपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में जांच की गई, जहां बिना खाद्य पंजीकरण और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य व्यवसाय संचालित पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं भूपतवाला बाग स्थित एक खाद्य निर्माण इकाई के खिलाफ भी बिना पंजीकरण खाद्य सामग्री बनाने पर कार्रवाई की गई।खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य पंजीकरण प्राप्त होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रक्षा बंधन और जन्माष्टमी पर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
