संपादक गुलफान अहमद/सह संपादक नसीब कुरैशी हरिद्वार, 25 फरवरी 2026जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनएचएम के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में गर्भवती महिलाओं का प्रसव घर पर न हो तथा उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।उन्होंने सभी बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विशेष रूप से मलिन बस्तियों एवं श्रमिकों के बच्चों का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराया जाए, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने PCPNDT Act का जनपद में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अल्ट्रासाउंड केंद्र बिना लाइसेंस के संचालित न हो तथा समय-समय पर संचालित केंद्रों का निरीक्षण किया जाए।उन्होंने निर्देशित किया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत केवल पात्र व्यक्तियों को ही कार्ड निर्गत किए जाएं। साथ ही बच्चों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। गांवों में बच्चों के हेल्थ कार्ड बनाने हेतु शिविर आयोजित करने के लिए रोस्टर जारी करने को भी कहा गया।बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य केंद्रों की तकनीकी एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने पर विशेष बल दिया।बैठक के दौरान स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी डॉ. कोमल द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई।बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रुड़की डॉ. अरविंद मिश्रा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर तलियान, खानपुर प्रभारी प्रदीप सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, एनएचएम के कार्यक्रम प्रबंधक तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ( ** NHM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
