*UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर हरिद्वार में हाई अलर्ट, 53 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, नकल रोकने के लिए प्रशासन-पुलिस की विशेष निगरानी*

सह संपादक नसीब कुरैशी

हरिद्वार, 11 जून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।14 जून को जनपद के 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही केंद्रों पर समय से सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन और पुलिस द्वारा परीक्षा से पहले होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और कोचिंग संस्थानों की सघन जांच भी की जाएगी, ताकि नकल या अन्य अनुचित गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों, जैमर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की जाए। परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे से केंद्र परिसरों की चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा।अभ्यर्थियों की प्रवेश के दौरान सघन फ्रिस्किंग की जाएगी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। परीक्षा केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा।उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान धारा 163 का कड़ाई से पालन कराने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा, परिवहन और आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने को कहा।बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *