रिपोर्टर आसिफ अली
हरिद्वार, 1 अगस्त। आगामी खरीफ खरीद सत्र 2026-27 को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 1 अक्टूबर से सरकारी धान खरीद शुरू होगी। इसके लिए किसानों का पंजीकरण 7 जुलाई से स्मार्ट पीडीएस (Smart PDS) एप एवं किसान पोर्टल पर लगातार किया जा रहा है।उप संभागीय विपणन अधिकारी प्रमोद सती ने जिले के सभी किसान बंधुओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य करा लें, ताकि धान बिक्री के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि किसान स्वयं किसान पोर्टल, संबंधित धान क्रय केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद किसान अपने निकटतम सरकारी धान क्रय केंद्र पर समर्थन मूल्य पर धान बेच सकेंगे।उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के लिए कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹2,441 प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का ₹2,461 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।विपणन अधिकारी ने किसानों से पंजीकरण के समय आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण और भू-अभिलेख साथ रखने तथा फेस रिकग्निशन आधारित ई-केवाईसी कराने की सलाह दी है। साथ ही किसानों से निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ और सूखा धान ही क्रय केंद्रों पर लाने की अपील की गई है, ताकि उन्हें समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके।उन्होंने बताया कि पंजीकरण या धान खरीद से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम क्रय केंद्र, उप संभागीय विपणन अधिकारी कार्यालय अथवा संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। राज्य उपभोक्ता हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1800-180-1488 पर भी सहायता उपलब्ध रहेगी।
