विवेक सैनी उत्तराखंड प्रभारी
ज्वालापुर विधानसभा के ग्राम सोहनपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर डॉ भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण समिति द्वारा नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी नई बस्ती रविदास मंदिर से प्रारंभ होकर पूरे गांव से होते हुए स्थित आंबेडकर पार्क पहुंची, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रभात फेरी के दौरान ज्वालापुर विधानसभा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ओर समिति के पदाधिकारियों व स्थानीय नागरिकों ने बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार करते हुए सामाजिक समरसता और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। पूरे मार्ग में “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा, “डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। आज जरूरत है कि हम उनके पदचिन्हों पर चलते हुए शिक्षा को अपनाएं और समाज में जागरूकता फैलाएं। शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करें और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
