संवाददाता आसिफ अली
हरिद्वार। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ग्राम गढ़मीरपुर में शांति भंग करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को ग्राम गढ़मीरपुर में झगड़े और हुड़दंग की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली रानीपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि गांव निवासी फजलू खान (58 वर्ष) तथा विकास (32 वर्ष) पुराने विवादों को लेकर अलग-अलग लोगों के साथ कहासुनी और झगड़ा कर रहे थे। दोनों के व्यवहार से क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो रहा था तथा शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने दोनों व्यक्तियों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद वे विवाद करने से बाज नहीं आए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में शांति भंग करने, सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने तथा हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल महेन्द्र तोमर तथा कांस्टेबल जयदेव शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
